
ग्वालियर। तेरी मेहरबानियां फिल्म में जैकी श्रॉफ के पालतू डॉग की बुद्धिमानी, वीरता और वफादारी के सीन तो याद होंगे, लेकिन फिल्म से इतर ग्वालियर में एक पालतू कुत्ते ने अपने मालिक के परिवार को इतनी बड़ी घटना से बचा लिया जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं. देर रात जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था और घर में आग लग गई, तब उनके पालतू कुत्ते ने गेट पर तब तक नॉक करना जारी रखा जब तक वे जाग नहीं गए. परिवार ने दरवाजा गेट खोलकर देखा तो होश उड़ गए. नीचे भीषण आग लगी थी और पूरा घर धुएं के गुबार से भरा हुआ था. पालतू डॉग टाइगर की सतर्कता से घर का सामान जलने से बच गया, साथ ही परिवार के लोग भी सुरक्षित बच गए. पूरा परिवार अपने टाइगर की सजगता और वफादारी से भावुक होकर थैंक्यू बोल रहा है.
घटना ग्वालियर के कम्पू इलाके में स्थित जवाहर कॉलोनी कॉलोनी की है. आधी रात हुए शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी, लेकिन परिवार को इसकी भनक तक नहीं थी. ऐसे में टाइगर ने खतरे को भांपते हुए सभी को जगाया और बड़ा हादसा टल गया. यह घटना वफादारी और समझदारी की मिसाल बन गई है बल्कि पूरे शहर में चर्चा का विषय भी बनी हुई है.
डॉग मालिक अमर राठौर बताते हैं कि घटना रात दो से तीन बजे के बीच की है. सभी लोग इस समय गहरी नींद में सो रहे थे. गर्मी ज्यादा होने के करण घर में कूलर एसी भी चल रहे हैं, जिनकी तेज आवाज भी थी. आग को देख पालतू कुत्ते ने बहन के कमरे के गेट पर काफी देर तक पंजे से नॉक किया और तेज आवाज में भौंकना भी जारी रखा था.
पहले तो बहन ने समझा किसी को देखकर भौंक रहा है, लेकिन जब वह लगातार नॉक करते हुए भौंकता रहा तो उन्हें लगा कि कोई तो बात है. उन्होंने जैसे ही गेट खोला देखा घर में धुआं ही धुआं भरा था. टाइगर उन्हें लेकर नीचे तक गया, जहां भीषण आग लगी थी. आवाज सुनकर बड़े भाई भी उठकर आ गए और उन्होंने धैर्य का परिचय देते हुए आग बुझाने के प्रयास शुरू किए.
अमन का कहना है कि सबसे बड़ी चिंता की बात ये थी कि नीचे ही उनकी ईवी कार भी चार्ज हो रही थी. अगर आग वहां तक फैल जाती तो घटना विस्फोटक रूप ले सकती थी, लेकिन हमारे पालतू डॉग की वफादारी और सजगता के चलते हम लोग समय पर जाग गए और आग पर काबू पर पा लिया और जान बच गई.
