० मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल एवं विधायकगणों के साथ भरा गया नामांकन, सीएम ने रोड शो निकाल कर जनता का लिया आशिर्वाद
नवभारत न्यूज
सीधी 20 मार्च। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, राज्यमंत्री राधा सिंह एवं विधायकों की मौजूदगी में आज लोकसभा सीधी के भाजपा प्रत्याशी डॉ.राजेश मिश्रा ने कलेक्ट्रट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का रोड शो छत्रसाल स्टेडियम से कलेक्ट्रेट जिला निर्वाचन कार्यालय सीधी तक ढोल नगाड़ों और नृत्य के बीच निकाला गया।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने छत्रसाल स्टेडियम सीधी में नामांकन सभा स्थल को संबोधित किया। सभा में भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे। नामांकन सभा की समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, राज्य मंत्री राधा सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने भव्य रथ में सवार होकर विशाल रोड शो किया। रोड शो के दौरान परम्परागत लोक नृत्य के बीच ढोल नगाड़े के साथ काफिला छत्रसाल स्टेडियम से कलेक्ट्रेट तक पहुंचा। काफिले में हजारों समर्थकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर अतिथियों का शानदार स्वागत किया। रोड शो के दौरान भारी संख्या में लाड़ली बहने उपस्थित रहीं। लाड़ली बहनों द्वारा पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। मानस भवन, अस्पताल तिराहा, कलेक्ट्रेट मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ जमा थी। मुख्यमंत्री डॉ.यादव का गर्मजोशी के साथ लोगों ने स्वागत किया।
मालूम रहे कि मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ.मोहन यादव का प्रथम सीधी आगमन होने के कारण उनके स्वागत के लिये उमड़ पड़े। रोड शो के दौरान चिकित्सा प्रकोष्ठ, तेली समाज, यादव समाज, सिंधी समाज के लोगों ने भी मुख्यमंत्री का रोड शो के दौरान स्वागत किया। कलेक्ट्रेट जिला निर्वाचन कार्यालय सीधी में लोकसभा सीधी के भाजपा प्रत्याशी डॉ.राजेश मिश्रा का नामांकन पत्र दाखिल कराने के लिये अंदर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम भी उपस्थित रहे। कलेक्टर एवं रिटर्निंग आफिसर स्वरोचिष सोमवंशी को नामांकन पत्रों का सेट सौंपा गया।
००
लाडली बहनो ने दिखाया कलश
भाजपा प्रत्याशी डॉ.राजेश मिश्रा के नामांकन के पूर्व आयोजित विशाल रोड शो को जगह-जगह लाड़ली लक्ष्मी और लाडली बहनों ने कलश दिखाकर पार्टी नेताओं का अभिनंदन करते हुए उन्हें विजयश्री का आशीर्वाद दिया।
००
ढोल नगाड़ों और नृत्य के बीच निकाला रोड शो
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, राज्य मंत्री राधा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान सहित सभी नेताओं ने भव्य रथ में सवार होकर विशाल रोड शो किया। जिसमें परंपरागत लोक नृत्य के बीच ढोल नगाड़े के साथ काफिला छत्रसाल स्टेडियम से लेकर कलेक्ट्रेट तक पहुंचा। काफिले में हजारों समर्थकों ने पुष्प वर्षा की, साथ ही अतिथियों का शानदार स्वागत किया।
०००००००००००००००००