
जबलपुर। शुक्रवार को गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाया। पारा सीधे 42 डिग्री पर पहुंच गया । प्रचंड मार्तण्ड की तपिश और लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हुए। सुबह से ही गर्मी इतनी बढ़ गई कि लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया था। दिनभर झुलसाने वाली गर्म हवाओं ने आग में घी डाला। राहगीर और दोपहिया वाहन चालक गर्मी से बचने के लिए सिर और चेहरे को कपड़े से ढके नजर आए। सूरज की तीखी किरणों के सामने लोगों के पसीने छूट गए और झुलसा देने वाली गर्मी ने हर किसी को बेहाल कर दिया।
मौसम विभाग की मानें तो एक ट्रफ, पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण बांग्लादेश तक, बिहार, झारखंड एवं गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर से गुजरते हुए लगभग माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊँचाई पर विस्तृत है। पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में सक्रिय एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण उपरोक्त ट्रफ में विलीन हो गया है। उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम, माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊँचाई पर 148-167 किमी घंटा की गति से पूर्वी एवं उत्तर-पूर्वी भारत के ऊपर सक्रिय है। एक प्रतिचक्रवाती परिसंचरण, महाराष्ट्र एवं निकटवर्ती क्षेत्रों पर माध्य समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किमी की ऊँचाई के बीच सक्रिय है।
29 तक चढ़ा रहेगा पारा, बारिश के आसार
मौसम विभाग की माने तो आने वाले 25-29 अप्रैल तक जिले में दिन का पारा 42 से 43 डिग्री सेल्सियस एवं रात का तापमान 23 से 24 डिग्री रहने की संभावना है, जिस कारण दिन में लू भी चल सकती है। 29 से 30 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।
ऐसा रहा तापमान
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। नयूनतम तापमान 23.2 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 23 और शाम को 16 प्रतिशत दर्ज की गई। पश्चिमी हवाएं 4 से 5 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
