
छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में बीती रात छतरपुर–महोबा मार्ग पर पटेल ढाबा के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो बच्चों, एक महिला और चार पुरुषों सहित कुल सात लोग घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तीन से चार घायलों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों के अनुसार, चार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ीमलहरा पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रीता सिंह के निर्देशन में एफआरवी और 112 वाहन की मदद से सभी घायलों को तत्काल छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस कार्य में पुलिस कॉन्स्टेबल सीताराम और 112 वाहन चाल देवेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें ट्रॉमा सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आया है। मामले की जांच जारी है।
