चेन्नई, (वार्ता) संजूसैमन (नाबाद 101) की आतिशी शतकीय पारी के बाद इम्पैक्ट प्लेयर अकील हुसैन (चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने गुरुवार को मुम्बई इंडियंस पर 103 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।
208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुम्बई इंडियंस को अकील हुसैन और मुकेश चौधरी ने तीन विकेट झटक कर चेन्नई सुपर किंग्स को शुरुआती सफलता दिलाई। क्विंटन डी कॉक (सात), दानिश मालेवार और नमन धीर बिना खाता खोले ही पेलियन लौट गये। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 73 रन जोड़े। 12वें ओवर में हुसैन ने तिलक वर्मा को बोल्ड कर मुम्बई की उम्मीदों को झटका दिया। तिलक वर्मा ने 29 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 37 रन बनाये। इसके बाद 13वें ओवर में नूर अहमद ने कप्तान हार्दिक पंड्या (एक) और शरफ़ेन रदरफ़ोर्ड (शून्य) का शिकार कर लिया। अगले ही ओवर में हुसैन ने सूर्यकुमार यादव को आउट कर पवेलियन भेज दिया। सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 35 रन बनाये। चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी आक्रमण के आगे मुम्बई के नौ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर गुरजपनीत सिंह ने जसप्रीत बुमराह (दो) रन को आउट कर 104 रन के स्कोर पर मुम्बई की पारी का अंत कर दिया। यह रनों के लिहाज से यहां चेन्नई की बड़ी जीत है वहीं यह मुम्बई की बड़ी हार भी है।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अकील हुसैन ने 17 रन देकर चार विकेट लिये। नूर अहमद को दो विकेट मिले। मुकेश चौधरी, अंशुल कम्बोज, जेमी ओवर्टन और गुरजपनीत सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां चेन्नई सुपर किंग्स ने मुम्बई इंडियंस के खिलाफ छह विकेट पर 207 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। मुम्बई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को तीसरे ओवर में एम गजनफर ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर पहला झटका दिया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 14 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 22 रन बनाये। छठें ओवर में मिचेल सैंटनर ने सरफराज खान (14) का शिकार कर लिया। इसके बाद मुम्बई के गेंदबाजों के आक्रामक प्रदर्शन के आगे चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सके और अपने विकेट गंवाते रहे। शिवम दुबे (पांच), डेवाल्ड ब्रेविस (21), कार्तिक शर्मा (18) और जेमी ओवर्टन (15) रन बनाकर आउट हुये। हालांकि इस दौरान संजूसैमन एक छोर थामे रन बनाते रहे।
चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 208 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन ने 54 गेंदों में 10 चौके और छह छक्के लगाते हुए नाबाद 101 रनों की पारी खेली। यह संजू सैमसन का इस सीरीज में दूसरा शतक तथा आईपीएल में कुल कर पांचवां शतक है।
मुम्बई इंडियंस के लिए ए एम गजनफर और अश्विनी कुमार ने दो-दो विकेट लिये। जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
