छतरपुर: दमोह मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात आईसर ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।मृतकों की पहचान फुलचंद लोधी (36) निवासी गंज नया थाना भगवा और मुकेश लोधी (34) निवासी कम्मोदपुरा थाना बड़ामलहरा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार दोनों युवक रिश्तेदारों से मिलकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। सूचना मिलने पर तहसीलदार भरत पांडे और नायब तहसीलदार सुनील केवट मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां निर्माणाधीन डिवाइडर के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सड़क पर संकेतक, रिफ्लेक्टर और लाइट की कमी के चलते खतरा बना रहता है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द डिवाइडर का काम पूरा किया जाए और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, ताकि आगे ऐसे हादसे न हों।
