आईपीएल 2026 के 32वें मैच में वैभव सूर्यवंशी बल्ले से फ्लॉप रहे और सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इस छोटी पारी में भी उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।
आईपीएल 2026 में एक बार फिर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन से सभी को चौंका दिया है। राजस्थान रॉयल्स के इस 15 साल के खिलाड़ी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में भले ही सिर्फ 8 रन बनाए, लेकिन इस छोटी पारी में भी उन्होंने बड़ा इतिहास रच दिया।
सबसे तेज 500 रन बनाने का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 500 रन पूरे करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने यह उपलब्धि महज 227 गेंदों में हासिल की, जो अब तक किसी भी बल्लेबाज के लिए सबसे तेज है। खास बात यह है कि वह आईपीएल के पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने 250 गेंदों से कम में 500 रन पूरे किए हैं। लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में जैसे ही उन्होंने 2 रन बनाए, यह रिकॉर्ड उनके नाम हो गया।
ग्लेन मैक्सवेल समेत कई दिग्गज पीछे
इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के नाम था, जिन्होंने 260 गेंदों में 500 रन पूरे किए थे। वहीं, भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और युवा खिलाड़ी प्रियांश आर्या ने 280-280 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था। इसके अलावा नमन धीर ने 283 गेंदों में 500 रन पूरे किए थे। सूर्यवंशी ने इन सभी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।
डेब्यू सीजन से ही दिखा दम
वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले ही आईपीएल सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 252 रन बनाए थे और 206.56 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का अवॉर्ड अपने नाम किया था। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें शुरुआत से ही खास बना दिया था।
2026 में और निखरा खेल
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन और भी बेहतर नजर आ रहा है। वह इस सीजन में करीब 240 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं और गेंदबाजों पर लगातार दबाव बना रहे हैं। महज 15 साल की उम्र में उनका यह आत्मविश्वास और निरंतरता उन्हें खास बनाती है और यही वजह है कि उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है।
इस सीजन वैभव सूर्यवंशी अब तक 7 मैचों में 254 रन बना चुके हैं। उनका औसत 36.29 और स्ट्राइक रेट 220.87 का रहा है। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए हैं। वह ऑरेंज कैप की रेस में चौथे स्थान पर बने हुए हैं और उनसे आगे हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं।
