रीवा: महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ ने मंगलवार को स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साफ-सफाई के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए.महापौर ने निर्देशित किया कि प्रत्येक बुधवार को शहर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की नियमित धुलाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आसपास का वातावरण स्वच्छ एवं सम्मानजनक बना रहे.
उन्होंने बड़े नालों की सफाई नाला गैंग की टीम से कराने के निर्देश दिए, वहीं वार्डों की छोटी नालियों की सफाई संबंधित वार्ड दरोगा अपने कर्मचारियों के माध्यम से नियमित रूप से कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि वार्डों के अंदर विशेष रूप से सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए. जिन गलियों में कचरा वाहन नहीं पहुंच पाता है, वहां साइकिल रिक्शा के माध्यम से घर-घर कचरा संग्रहण कराया जाए, ताकि कोई भी क्षेत्र सफाई से वंचित न रहे.
महापौर ने मौसम को ध्यान में रखते हुए मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से दवा का छिडक़ाव कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक छिडक़ाव स्थल का पंचनामा तैयार कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए. साथ ही फॉगिंग मशीन के माध्यम से भी नियमित रूप से दवा का छिडक़ाव सुनिश्चित किया जाए. इसके अतिरिक्त महापौर ने निर्देश दिए कि खाली प्लॉटों, सार्वजनिक स्थलों एवं बाजार क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए. बैठक में एमआईसी सदस्य श्रीमती रमा दुबे, गुलाम अहमद, जनप्रतिनिधि लखन खण्डेलवाल, स्वास्थ्य अधिकारी मुरारी कुमार, एसबीएम सहायक नोडल अपूर्वा चतुर्वेदी, स्वच्छता निरीक्षक उपस्थित रहे.
