शिव-पार्वती विवाह प्रसंग सुनकर भावविभोर हुए श्रद्धालु, पंडाल में गूंजा हर-हर महादेव

सीहोर। जयंती कालोनी में श्री हनुमान मंदिर समिति के तत्वाधान में जारी सात दिवसीय श्रीराम कथा के तीसरे दिन कथा व्यास राष्ट्रीय राम कथा व्यास मानस कोकिला महंत डॉ. भारती के द्वारा भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का वर्णन सुनकर श्रोता भावविभोर हो उठे. शिव विवाह प्रसंग को इतनी भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया कि पूरा पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा.

मंदिर समिति के तत्वाधान में जारी भव्य श्री 21 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है. यहां पर प्रतिदिन सुबह पूर्ण विधि-विधान से साथ श्री-श्री 108 यज्ञ संचालक पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे, समिति अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राठौर, यज्ञाचार्य पंडित दीपक शास्त्री और पंडित अनिल शर्मा आदि के मार्गदर्शन में देव पूजन, हवन, पुष्पाधिवास, लताधिवास, फलाधिवास आदि का दिव्य अनुष्ठान निरंतर चल रहा है. वहीं दोपहर में श्रीराम कथा और रात्रि को महाकाल मंडल राम लीला उज्जैन के तत्वाधान में रामलीला का मंचन किया जा रहा है. कथा के तीसरे दिन मंगलवार को महंत डॉ. प्रज्ञा भारती ने भगवान शिव विवाह का वर्णन किया. तारकासुर नाम का एक असुर देवताओं को भयभीत कर रहा था. उसे वरदान मिला था कि उसका वध केवल शिव की संतान ही कर सकती है. देवताओं ने शिव और पार्वती के विवाह की योजना बनाई. देवताओं की विनती पर शिव विवाह के लिए तैयार हुए. शिव ने बारात में श्रृंगार की जगह शमशान की भस्म लगाई। यह संदेश था कि दुनिया के सभी श्रृंगार एक दिन समाप्त हो जाते हैं, लेकिन चिता की भस्म ही अंतिम सत्य है. भगवान शिव की बारात में देवता, दानव, गण और जानवर सभी शामिल हुए.

कल निकलेगी भव्य शोभायात्रा व राम बारात 

यज्ञ संचालक पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे, समिति अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राठौर ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को कथा में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव और 23 अप्रैल को सुबह देव पूजन, हवन महाभिषेक और उसके उपरांत भव्य शोभा यात्रा राम बारात निकाली जाएगी। बस स्टैंड क्षेत्र धर्ममय हो गया है. सुबह से देर रात्रि तक दिव्य अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. पंडित श्री कटारे ने सभी श्रद्धालुओं से यज्ञ स्थल में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की.

Next Post

तस्करों पर शिकंजा: एमपी पुलिस ने सुरक्षित मुक्त कराए 178 मवेशी

Wed Apr 22 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन और पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। हालिया समन्वित कार्रवाई में पुलिस ने 178 गौवंश एवं अन्य मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया है, साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया गया […]

You May Like