लखनऊ से हज के लिए पहली उड़ान 22 अप्रैल को, 427 यात्री होंगे रवाना

लखनऊ, 21 अप्रैल (वार्ता) हज–2026 के तहत लखनऊ से पहली उड़ान 22 अप्रैल को अपराह्न 2:20 बजे रवाना होगी। कुल 427 हज यात्री पवित्र यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे, जिनमें 222 पुरुष और 205 महिला यात्री शामिल हैं। इस उड़ान में सर्वाधिक 278 यात्री कानपुर नगर जिले से हैं, जबकि 59 यात्री लखनऊ से शामिल होंगे।

इसके अलावा असम राज्य के दो हज यात्री भी इसी उड़ान से रवाना होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए तीन स्टेट हज इंस्पेक्टर भी प्रथम उड़ान के साथ भेजे जा रहे हैं।

हज यात्रियों को विदाई देने के लिए मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुस्लिम समाज के धर्मगुरुओं की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

इस बीच, मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने हज हाउस पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने साफ-सफाई, कैण्टीन व किचन में गुणवत्तापूर्ण भोजन, तथा उचित दरों पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

मंत्री ने हज यात्रियों को दी जाने वाली स्मार्ट वॉच किट और अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता जांचने के साथ ही उनके साथ आने वाले परिजनों के लिए बैठने, कूलर और पार्किंग जैसी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

प्रदेश सरकार की ओर से हज यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित करने हेतु व्यापक तैयारियां की गई हैं।

 

Next Post

भारत-दक्षिण कोरिया के बीच लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र में सहयोग का समझौता

Tue Apr 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (वार्ता) भारत और दक्षिण कोरिया ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र में सहयोग के विस्तार के लिए एक करार किया है। राष्ट्रपति ली जे म्युंग के नेतृत्व में भारत आये प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान साेमवार को राजधानी में इस करार पर हस्ताक्षर किये गये। […]

You May Like