दोनों देशों के हित में होगा अमेरिका-भारत व्यापार समझौता: गोर

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (वार्ता) भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता दोनों देशों के हित में होगा।

दोनों देशों के बीच इस साल फरवरी के पहले सप्ताह में घोषित अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल के अमेरिका दौरे से पहले श्री गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर यह बात कही।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल इस सप्ताह अमेरिका आयेगा। यह हमारे द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसमें दोनों देशों का फायदा होगा।”

उल्लेखनीय है कि अंतरिम व्यापार समझौते की मुख्य-मुख्य बातें तय हो चुकी हैं, लेकिन उसे अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। इसके लिए मुख्य व्यापार वार्ताकार के नेतृत्व में भारतीय अधिकारियों का दल सोमवार से अमेरिका की यात्रा पर जा रहा है। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के व्यापार वार्ताकार आमने-सामने बैठकर अंतरिम समझौते से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे।

तीन महीने से अधिक के अंतराल के बाद दोनों पक्षों में इस मुद्दे पर बातचीत हो रही है। भारतीय दल फरवरी के दूसरे पखवाड़े में वाशिंगटन जाने की तैयारी में था, लेकिन 20 फरवरी को अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आपातकालीन अधिकारों के तहत तमाम व्यापारिक देशों के माल पर लगाये गये शुल्कों को अवैध बताते हुए खारिज कर दिया था। बदली परिस्थितियों में भारतीय दल की प्रस्तावित यात्रा स्थगित कर दी गयी थी। इस बीच दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते और नये बने हालात के बारे में वीडियो कांफ्रेंसिंग जैसे डिजिटल माध्यमों के जरिये बातचीत होती रही है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने भारत के खिलाफ अगस्त 2025 में दो बार में कुल 50 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा दिया था जिसमें 25 प्रतिशत रूस से तेल खरीदने के दंड स्वरूप लगाया गया था। फरवरी के समझौते के साथ भारत पर 25 प्रतिशत का दंडात्मक शुल्क हटा लिया गया है।

 

 

Next Post

सी-डॉट ने साइबर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए जंप्स ऑटोमेशन के साथ की साझेदारी

Mon Apr 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (वार्ता) सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) ने साइबर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष गेमिफिकेशन प्लेटफॉर्म विकसित करने के लिए जंप्स ऑटोमेशन के साथ साझेदारी की है। सी-डॉट कोलैबोरेटिव रिसर्च प्रोग्राम (सीसीआरपी) के तहत जंप्स ऑटोमेशन के साथ किये गये समझौता ज्ञापन (एमओयू) का उद्देश्य […]

You May Like