इंदौर। हम्माल कॉलोनी में आज सुबह एक अगरबत्ती कारखाने और गोदाम में लगी आग ने भारी नुकसान पहुँचाया है. आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें कारखाने के ऊपरी टीन शेड तक पहुँच गईं. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है.
फायर ब्रिगेड को सुबह करीब 5:00 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. दमकल की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँचीं. तब तक कारखाना और ऊपरी टीन शेड से ऊंची लपटें उठ रही थीं. धुंआ इतना ज्यादा था कि वह आसपास के क्षेत्रों में काफी दूर तक फैल गया. कारखाने के पास ही रहवासी इलाका होने के कारण लोग डरकर अपने घरों से बाहर निकल आए थे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर पहुँच गया था.कारखाना संचालक मेहुल पिता विनय जैन का बताया गया है, जबकि भवन मालिक आकाश गुर्जर हैं. आग में कारखाने में रखा अगरबत्ती निर्माण का सारा कच्चा माल, तैयार माल, मशीनें, केमिकल और फ्यूम जलकर पूरी तरह राख हो गए. ऊपरी शेड में रखा सारा स्टॉक जल गया है. फायर ब्रिगेड ने करीब 75 हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग को पूरी तरह बुझाया गया.
