जीत के बाद बहुत अच्छा महसूस हो रहा है : रहाणे

कोलकाता, 19 अप्रैल (वार्ता) इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को अपनी पहली जीत दर्ज करने से राहत महसूस कर रहे कोलकाता नाईट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा कि उन्हें बहुत अच्छा महसूस हो रहा है।

रहाणे ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कहा, “यहां आकर वाक़ई बहुत ख़ुशी हो रही है। बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। मैच के दौरान कई तरह की भावनाएं उमड़ रही थीं। मैं रिंकू, अनुकूल और वरुण के लिए बहुत ख़ुश हूं। जिस तरह वरुण ने गेंदबाज़ी की। अनुकूल का घरेलू सीजन भी शानदार रहा था। ज़्यादातर प्रैक्टिस सेशन के दौरान हमारी आपस में बातचीत होती रही है। सारा खेल स्थिति को सही तरह से पढ़ने का है। क्रिकेट एक सीधा-सादा खेल है। यह जीत हमें आत्मविश्वास देगी। गेंदबाज अब एक इकाई के रूप में निखर कर आ रहे हैं। बल्लेबाज़ी के लिहाज़ से हम अब भी सुधार कर सकते हैं। कार्तिक त्यागी बहुत अच्छे रहे हैं। जब से हमने प्रैक्टिस मैच खेले हैं, वह इस बात को लेकर पूरी तरह साफ़ रहे हैं कि उन्हें मैदान के बीच में क्या करना है। वह अभी युवा हैं, लेकिन उनका आत्मविश्वास कमाल का है। एक तेज़ गेंदबाज़ के रूप में उन्हें यह कॉन्फ़िडेंस हासिल करते देख बहुत ख़ुशी हो रही है।”

14 रन पर तीन विकेट लेकर प्लेयर ऑफ़ द मैच बने वरुण चक्रवर्ती ने कहा, “बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। अपने बारे में बात करने से पहले, मुझे पूरे कोचिंग स्टाफ़ को श्रेय देना होगा। बाहर बहुत ज़्यादा शोर था। हम इस जीत के हक़दार हैं। मेरे बाएं हाथ में अब भी दो फ्रैक्चर हैं। यह थोड़ा मुश्किल है, लेकिन मैं फिर भी इसे मैनेज करने की कोशिश कर रहा हूं। पिच थोड़ी धीमी थी, लेकिन हमारे लिए एकदम मुफ़ीद थी। हम नहीं जानते कि हम (अंक तालिका में) कहां पहुंचेंगे, लेकिन हम यह पैग़ाम दे रहे हैं कि हमें हल्के में नहीं लिया जा सकता।”

मैच विजयी नाबाद अर्धशतक बनाने वाले रिंकू सिंह: “जब रन नहीं बनते, तो आप सोचना शुरू कर देते हैं। ऐसा नहीं था कि मैं अपने शॉट्स खेलने में हिचकिचा रहा था। मानसिकता खेल को अंत तक ले जाने की थी। आप ऐसे शॉट्स (जब नो-लुक स्लॉग पर उनका कैच छूटा) तब खेलते हैं जब आपका दिमाग़ काम नहीं कर रहा होता। भगवान ने मेरी मदद की। यह पारी मेरे आत्मविश्वास के लिए बहुत अच्छी थी। इस जीत से हमें बहुत हौसला मिलेगा। हम इस लय को आगे भी बरक़रार रखने की कोशिश करेंगे।”

 

 

Next Post

स्पेन ने ईयू-इजरायल सहयोग समझौता खत्म करने की मांग उठाई

Sun Apr 19 , 2026
ब्रसेल्स, 19 अप्रैल (वार्ता) स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने यूरोपीय संघ से इजरायल के साथ सहयोग समझौता समाप्त करने का आग्रह किया है। श्री सांचेज़ ने रविवार को अंदलूसिया में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, “जो सरकार अंतरराष्ट्रीय कानून या यूरोपीय संघ के सिद्धांतों का उल्लंघन करती […]

You May Like