हैदराबाद, (वार्ता) अभिषेक शर्मा (59) और हाइनरिक क्लासन (59) की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 27वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रनों से हराया। यह टूर्नामेंट में सनराइजर्स हैदराबाद की तीसरी है और वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन (सात) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे के लिए 51 रनों की साझेदारी हुई। पांचवें ओवर में नीतीश कुमार रेड्डी ने आयुष म्हात्रे 13 गेंदों में (30) रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अगले ही ओवर में ईशान मलिंगा ने ऋतुराज गायकवाड़ (19) को अपना शिकार बना लिया। मैथ्यू शॉट और सरफराज खान ने कुछ देर संघर्ष किया। मैथ्यू शॉट 30 गेंदों में (34) और सरफराज खान 19 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुये। शिवम दुबे (21) को साकिब हुसैन ने आउट किया। प्रफुल्ल हिंगे ने आखिरी ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए एक विकेट झटका। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 184 रन ही बना सकी और मुकाबला 10 रनों से हार गई। अंशुल कम्बोज 13 रन बनाकर नाबाद रहे।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए इशान मलिंगा ने तीन विकेट लिये। नीतीश कुमार रेड्डी को दो विकेट मिले। प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और शिवांग कुमार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़ कर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। छठें ओवर में मुकेश चौधरी ने ट्रेविस हेड को आउट कर चेन्नई सुपर किंग्स को पहली सफलता दिलाई। ट्रेविस हेड ने 20 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 23 रन बनाये। इसी ओवर में चौधरी ने कप्तान इशान किशान को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया। अनिकेत वर्मा (दो) और नीतीश कुमार रेड्डी (12) रन बनाकर आउट हुये। 18वें ओवर में हैदराबाद का छठा विकेट हाइनरिक क्लासन के रूप में गिरा। हाइनरिक क्लासन ने 39 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 59 रनों की पारी खेली।
शिवांग कुमार आठ गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुये। इसी ओवर में पारी की आखिरी गेंद पर लियम लिविंगस्टन बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हुये। सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 194 रनों का स्कोर खड़ा किया।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अंशुल कम्बोज और जेमी ओवर्टन ने तीन-तीन विकेट लिये। मुकेश चौधरी को दो विकेट मिले। गुरजपनीत सिंह ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
