
सारनी। पुलिस की सख्त कार्रवाई बनी विश्वास की आधारशिला, बैतूल जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सारनी पुलिस ने एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति का वातावरण स्थापित हुआ है और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारनी पुलिस ने यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी अभिजीत बारस्कर के खिलाफ दो गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। एक मामले में उसने शोभापुर कॉलोनी निवासी शिव कुमरे एवं उनके पड़ोसी पर कटर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था, जबकि दूसरे मामले में अपने साथियों के साथ घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी जयपाल इनवाती सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर तत्काल सूचना दें, जिससे समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
