जबलपुर: शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने की दिशा में नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर अपर आयुक्त अंजू सिंह ने मुकादम गंज, नरघईया, लार्डगंज, महिला मार्केट और गंजीपुरा मार्केट के व्यापारी संघों के साथ एक विशेष बैठक की। इस चर्चा का मुख्य उद्देश्य बाजारों को अग्नि सुरक्षित बनाना और भविष्य में होने वाली किसी भी अनहोनी को रोकना है।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए शासन के निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। चर्चा के दौरान व्यापारियों ने संकल्प लिया कि वे शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप अपने व्यावसायिक संस्थानों में पर्याप्त मात्रा में फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य बचाव उपकरण लगाएंगे। अपर आयुक्त ने समझाइश दी कि केवल उपकरण लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कर्मचारियों को उनके उपयोग का प्रशिक्षण भी होना चाहिए ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
व्यापारियों ने रखीं अपनी मांगें
बैठक के दौरान बाजारों को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए व्यापारी संघों ने प्रशासन के समक्ष कुछ महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें भी रखीं। व्यापारियों ने मांग की है कि बिजली विभाग द्वारा लगाए गए पुराने तार, खंभे और पुराने मीटरों को तत्काल बदला जाए, क्योंकि शॉर्ट सर्किट आग लगने का एक बड़ा कारण होते हैं। इसके लिए शासन स्तर से बिजली विभाग को आदेशित करने का आग्रह किया गया है। सुगम आवागमन और आपातकालीन वाहनों के पहुंचने के लिए व्यापारियों ने मांग की कि सड़क किनारे लगने वाली अवैध दुकानों को व्यवस्थित किया जाए ताकि मार्ग बाधित न हो।
अपर आयुक्त अंजू सिंह ने व्यापारियों के सुझावों को गंभीरता से लिया और भरोसा दिलाया कि शासन स्तर पर इन समस्याओं के निराकरण के प्रयास किए जाएंगे।
