2200 करोड़ रूपये का ऐतिहासिक बजट सर्वसम्मति से पारित : महापौर

जबलपुर: नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2200 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे भव्य और ऐतिहासिक बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया है। बजट पारित होने के बाद महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमाध्यक्ष रिकुंज विज ने कहा कि यह बजट न केवल शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि जबलपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से भी लैस करेगा।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि जलगंगा संवर्धन योजना अंतर्गत जबलपुर नगर सीमांतर्गत ऐतिहासिक गौर नदी को उसके प्राकृतिक रूप में लाने का कार्य किया जा रहा है। जो कि भविष्य में जबलपुर नगर का एक पर्यटन के नवीन स्थल के रूप में पहचाना जायेगा एवं मां नर्मदा में मिलने वाली एक बड़ी नदी के रूप में पुन: जानी जायेगी। इसके जमतरा स्थित खिरैनीघाट एवं भटौली स्थित कालीघाट को विकसित किया जायेगा।
इसी तरह माढ़ोताल का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य 8 करोड़ की राशि से शुरू किया गया है। इसी क्रम में शहर में अनेक जल स्त्रोतो का भी जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य किया जायेगा। महापौर ने ये भी स्पष्ट किया कि इस बजट की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि बीते 3 वर्षों की तरह इस बार भी जनता पर न तो कोई नया टैक्स लगाया गया और न ही निगम ने कोई कर्ज लिया। विदित हो कि पिछले दो दिन से चल रही नगर निगम की बजट बैठक गहमा गहमी भरे माहौल में चली जिस कारण दोनों दिन बैठक को स्थगित करना पड़ा। शुक्रवार को तीसरे दिन अंतत: 2200 करोड़ रुपए का बजट सर्वसम्मति से पारित हो गया।
इस तरह होंगे कायाकल्प
महापौर ने जो कहा वो किया के संकल्प को दोहराते हुए शहर के कायाकल्प के लिए अधोसंरचना एवं विकास, 650 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि से शहर में सड़कों, पुलियों और नालियों का जाल बिछाया जाएगा, 20 करोड़ रुपये के निवेश से पूरे शहर को दूधिया रोशनी से जगमग किया जा चुका है। 200 करोड़ रुपये की लागत से बायो गैस प्लांट की स्थापना होगी और 15 करोड़ रुपये से श्मशान घाटों का कायाकल्प किया जाएगा।
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की होगी स्थापना
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि जबलपुर को खेल जगत के मानचित्र पर लाने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं जिसके अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की स्थापना, ओलंपिक स्तर के स्विमिंग पूल का निर्माण, शहर में फिल्म सिटी बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास, 100 करोड़ की लागत से पार्कों का सौंदर्यीकरण होगा। वहीं महापौर ने संविदा कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी देते हुए उनका वेतन 9,000 से बढ़ाकर 21,000 रुपये कर दिया गया है। 500 Óडेली नीड्स पार्लरÓ के माध्यम से 1,000 युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा। शहरवासियों के लिए 43 संजीवनी क्लीनिक का निर्माण पूरा।
जबलपुर के नाम दर्ज हुईं कई ऐतिहासिक उपलब्धियां
महापौर ने बजट बैठक में ये भी बताया कि जबलपुर देश का पहला ऐसा शहर बन गया है जिसने वूमेन सेफ सिटीज के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ के साथ सीधा अनुबंध किया है। पिछले 3 वर्षों में 1500 लीज प्रकरणों का ऐतिहासिक निराकरण कर जनता को बड़ी राहत दी गई है। 10 करोड़ की लागत से हाईटेक गौशाला का निर्माण अंतिम चरण में है। सार्वजनिक परिवहन को सुगम और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 100 ए.सी. इलेक्ट्रिक बसों की सौगात जल्द मिलेगी।
जबलपुर को महानगर बनाने का संकल्प: महापौर
बजट पारित होने पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि जबलपुर को महानगर बनाने का संकल्प है। वहीं निगमाध्यक्ष रिकुंज विज ने इस बजट को सर्वसम्मति से पारित होना शहर के विकास के लिए एक स्वर्ण युग की शुरुआत बताया है।
आप जरा सी बातों पर उत्तेजित न हुआ करें: जीतू कटारे
पार्षद जीतू कटारे ने नेता प्रतिपक्ष को सदन में कहा कृपया आप जरा जरा सी बातों पर उत्तेजित न हुआ करें , आप वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष हैं न कि छात्र नेता। जीतू कटारे ने सदन के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र दामोदर दास मोदी का ह्रदय से धन्यवाद आभार प्रकट किया।

Next Post

पनागर विधायक ने डिजिटल माध्यम से दर्ज की अपनी जानकारी

Sat Apr 18 , 2026
जबलपुर:प्रदेश में जारी स्व-गणना अभियान के दूसरे दिन पनागर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सुशील तिवारी इन्दु ने एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। विधायक इंदु तिवारी ने स्वयं डिजिटल माध्यम से अपनी गणना कर शासन की इस महत्वपूर्ण मुहिम में सहभागिता निभाई और तकनीक के माध्यम से व्यवस्था को […]

You May Like