
सिंगरौली। कक्षा 10वीं परीक्षा परिणाम ने इस बार देवसर विधानसभा क्षेत्र को गर्व से भर दिया है। उक्त बातें देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने 10वीं के टॉपर छात्र अवनीश को सम्मानित करते हुये कही। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र के पॉच मेधावी छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे सिंगरौली जिले को प्रदेश स्तर पर नई पहचान दिलाई है। इन विद्यार्थियों में अधिकांश छात्र-छात्राएं सरस्वती शिशु मंदिर हैं, जबकि एक छात्र उत्कृष्ट शाउमावि बैढ़न से भी शामिल है। यह सफलता देवसर क्षेत्र में शिक्षा की बढ़ती गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण मानी जा रही है। इन सभी में सबसे बड़ी उपलब्धि नगवा निवासी अवनीश कुमार नाई ने हासिल की है। सरस्वती शिशु मंदिर हाईस्कूल, नंदबिहार के इस मेधावी छात्र ने 500 में से 497 अंक अर्जित कर पूरे मध्यप्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रदेश की मेरिट सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गया है।
50 शिक्षकों को 5-5 हजार सम्मान राशि देने का ऐलान
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विधायक राजेंद्र मेश्राम विद्यालय पहुंचे और अवनीश कुमार नाई को 25 हजार रूपये की पुरस्कार राशि, भारत का संविधान तथा एक कलम भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विधायक ने केवल अवनीश को ही नहीं, बल्कि कुल 5 मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देने का ऐलान किया है। अवनीश को 25 हजार रूपये जबकि अन्य 4 विद्यार्थियों को 10-10 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले 50 शिक्षकों को 5-5 हजार रूपये की सम्मान राशि देने की घोषणा भी की गई है।
