
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखकर किसानों से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि किसानों की मौजूदा दुर्दशा केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि सरकार की कथित किसान हितैषी नीतियों की हकीकत को उजागर करती है।
पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि कई जिलों, विशेषकर विदिशा से चिंताजनक रिपोर्ट सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल विदिशा जिले में ही 6,437 मामलों में किसानों की फसलें “सैटेलाइट सर्वे” में फेल बताई गई हैं, जबकि किसान गेहूं, चना और मसूर जैसी फसलें उगा रहे हैं। पोर्टल पर गलत डेटा एंट्री के कारण अनेक किसान उपार्जन प्रक्रिया से बाहर हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ई-उपार्जन प्रणाली में स्लॉट बुकिंग के दौरान किसानों को यह संदेश मिल रहा है कि उनकी फसल “सैटेलाइट द्वारा सत्यापित नहीं है”, जिससे वे अपनी उपज बेचने में असमर्थ हो रहे हैं। इसका सबसे अधिक असर छोटे और सीमांत किसानों पर पड़ा है, जिनकी आजीविका पूरी तरह खेती पर निर्भर है।
पटवारी ने बताया कि इस स्थिति के कारण किसान घरेलू खर्च, कर्ज अदायगी और बच्चों की फीस तक चुकाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। उन्होंने प्रभावित किसानों का मैनुअल सत्यापन, सर्वे में गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच, पुनः पंजीयन का अवसर, उपार्जन प्रक्रिया को सरल बनाने और नुकसान की भरपाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी।
