
सीधी। तेज रफ्तार में स्कार्पियो एवं बाइक की टक्कर में बाइक में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक बाइक से गिरने के बाद खून से लथपथ होकर बेहोश हो गये। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार में डॉक्टर जुट गए। एक घायल को रीवा रेफर किया गया।
यह भीषण सड़क हादसा जमोड़ी थानांतर्गत नेशनल हाईवे क्रमांक 39 सीधी- रीवा मार्ग में शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर नकटा नाला के समीप आज रात करीब 7.10 बजे हुआ। घटना के समय स्कार्पियो क्रमांक एमपी 53 जेडडी 9208 सीधी की ओर से जा रही थी। टक्कर में कार का अगला हिस्सा एक तरफ क्षतिग्रस्त हुआ है और बिना नंबर की नई बाइक भी काफी क्षतिग्रस्त हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को तत्परता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस विवेचना के दौरान घायलों की शिनाख्त अस्पताल में परिजनों ने की। बाइक चालक वीरभान उर्फ गोलू रावत पिता राम बली रावत उम्र 21 वर्ष को गहरी चोटें होने से रेफर किया गया। वही घायल आर्यन रावत पिता सुरेश रावत उम्र 16 वर्ष की हालत में सुधार बताया गया है। दोनों घायल समीपी नौगवां धीर सिंह के निवासी है।
