मुंबई, 13 अप्रैल, (वार्ता) रिलायंस जियो ने डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के अपने प्रयास के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ मिलकर अपने फीचर फोन के लिए ‘बीओबी वर्ल्ड लाइट ‘ मोबाइल बैंकिंग ऐप पेश किया है जो खास तौर पर जियोफोन प्राइमा 4जी मोबाइल फोन उपकरण के लिए तैयार किया गया है। जियो ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार इससे बिना स्मार्टफोन के भी लाखों लोग डिजिटल बैंकिंग का उपयोग कर सकेंगे। यह ऐप फीचर फोन यूजर्स को यूपीआई के जरिए भुगतान, पैसे भेजने, बिल भुगतान और अन्य रोजमर्रा की बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराएगा। ऐप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह कम इंटरनेट स्पीड और कीपैड फोन पर भी आसानी से काम कर सके।
कंपनी ने कहा है कि यह ऐप जियोफोन प्राइमा 4जी में पहले से इंस्टॉल मिलेगा और यूजर इसे सीधे होम स्क्रीन से इस्तेमाल कर सकेंगे। मौजूदा जियोफोन उपयोग करने वाले इसे ‘जियोस्टोर’ से डाउनलोड कर सकते हैं। यह ऐप बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहकों के साथ-साथ अन्य बैंकों के ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध होगा, जहां वे आसान प्रक्रिया से खुद रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के प्रेसिडेंट सुनील दत्त ने कहा, “जियो का फोकस हमेशा सस्ती और बड़े स्तर पर डिजिटल सेवाएं हर भारतीय तक पहुंचाने पर रहा है। बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ यह साझेदारी उसी सफर का अगला कदम है, जिससे इस फोन को इस्तेमाल करने वाले देश भर में लाखों को आसान और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग सुविधा मिलेगी।” कंपनी का कहना है कि जियो के डिजिटल नेटवर्क और बैंक ऑफ बड़ौदा के व्यापक ग्राहक आधार के साथ यह पहल देश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग की पहुंच को और बढ़ाएगी।

