
रतलाम। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने रतलाम दौरे पर मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया।
बंगाल जाने को लेकर पूछे गए प्रश्न पर विजयवर्गीय ने स्पष्ट कहा कि उनके खिलाफ पश्चिम बंगाल में 38 झूठे मुकदमे दर्ज हैं और उनके गिरफ्तारी वारंट भी जारी हैं। ऐसी स्थिति में उनके बंगाल जाने पर गिरफ्तारी की संभावना थी, जिसके चलते उन्होंने इस बार वहां नहीं जाने का निर्णय लिया।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी को बंगाल में इस बार बहुमत मिलने के पूरे आसार हैं और पार्टी मजबूत स्थिति में है।
मध्य प्रदेश में मंडल, आयोग और निगमों में नियुक्तियों को लेकर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि फिलहाल देश के चार राज्यों में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। इन चुनावों के परिणाम आने के बाद ही मध्य प्रदेश में नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
