मेडिकल कॉलेज तक पहुंच आसान करने की तैयारी, जर्जर मार्ग से मिलेगी राहत

सिंगरौली। जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के प्रयासों से बरगवां-बैढ़न मेन रोड से नौगढ़ होते हुए मेडिकल कॉलेज तक सड़क निर्माण के लिए 11 करोड़ 94 लाख 82 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि खनिज प्रतिष्ठान मद से मंजूरी मिली है।

यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और मेडिकल कॉलेज तक पहुंच को सुगम करने के लिए बरगवां बैढ़न मेन रोड से नौगढ़ होते हुए मेडिकल कॉलेज तक सड़क निर्माण कार्य को गति मिलने जा रही है। जिला खनिज प्रतिष्ठान सिंगरौली द्वारा इस परियोजना के लिए 11 करोड़ 94 लाख 82 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग को भेजे गए पत्र में इस सड़क निर्माण कार्य के लिए तकनीकी स्वीकृति के साथ राशि आवंटन का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। यह मार्ग लगभग 2.60 किलोमीटर लंबा है, जो वर्तमान में जर्जर स्थिति में होने के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। जिला मुख्यालय के समीप स्थित मेडिकल कॉलेज के कारण इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। खराब सड़क की वजह से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे कानून व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। स्थानीय नागरिकों और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा भी कई बार इस मार्ग के निर्माण की मांग उठाई जा चुकी है। सिंगरौली विधायक ने इस सड़क को बनाने के लिए प्रस्ताव दिया। जहां प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी है। अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी और प्रशासकीय स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। खासकर मरीजों और मेडिकल स्टाफ को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विधायक के विशेष पहल पर ही उक्त सड़क कार्य के लिए खनिज प्रतिष्ठान मद से मंजूरी मिली है।

Next Post

मध्यप्रदेश में तीर्थ के रूप में विकसित होंगे राम-कृष्ण के जीवन से जुड़े पवित्र स्थान: मुख्यमंत्री

Sat Apr 11 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के सभी क्षेत्रों में कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने सबका साथ- सबका विकास के सिद्धांत पर जनकल्याणकारी कार्यों की गति बढ़ाई है। मध्यप्रदेश में भी आम जनता के हित […]

You May Like