किसान पुत्र अब जमीनी हकीकत से दूर: जीतू पटवारी

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर आरोप लगाया कि उन्होंने किसानों की अनदेखी की है और चुनावी वादों को पूरा नहीं किया।

भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पटवारी ने कहा कि जो नेता खुद को कभी “किसान पुत्र” बताते थे, वे अब जमीनी हकीकत से दूर हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए वादे—सोयाबीन का ₹6000 प्रति क्विंटल, गेहूं ₹2700 और धान ₹3100 देने के—आज तक पूरे नहीं हुए हैं, जिसके कारण किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ रही है।

संसद में किसानों की आय आठ गुना बढ़ने के दावे पर सवाल उठाते हुए पटवारी ने कहा कि सागर और विदिशा की मंडियों में उनके दौरे के दौरान व्यापक असंतोष देखने को मिला, यहां तक कि भाजपा समर्थक किसान भी नाराज हैं। उन्होंने दावा किया कि गलत नीतियों के चलते प्रदेश के लगभग 80 प्रतिशत किसान बैंक के डिफॉल्टर बन चुके हैं।

पटवारी ने गेहूं उपार्जन में जानबूझकर देरी करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि करीब 15 लाख क्विंटल गेहूं पहले ही कम दामों पर बिक गया, जिससे सत्ताधारी दल से जुड़े व्यापारियों को लाभ पहुंचा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने प्रशासन में व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आगामी चुनावों में जनता इसका जवाब देगी।

Next Post

दक्षिण लेबनान में हिज़्बुल्लाह का रॉकेट हमला, इज़रायल से जारी तनाव के बीच हालात गंभीर

Fri Apr 10 , 2026
बेरूत, 10 अप्रैल (वार्ता) लेबनान के अल-खियाम इलाके के पास हिज़्बुल्ला ने शुक्रवार तड़के दक्षिण इज़रायली सैनिकों पर रॉकेट हमला करने का दावा किया है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब दोनों पक्षों के बीच लगातार गोलीबारी जारी है। हिज़्बुल्ला के अनुसार, यह हमला स्थानीय समय के अनुसार करीब […]

You May Like