भोपाल। विश्व शांति, मानव कल्याण और समस्त प्राणियों के मंगल की कामना के साथ जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) के तत्वावधान में कल 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर भारत सहित 108 देशों में एक साथ नवकार मंत्र का सामूहिक जाप होगा। भोपाल में कार्यक्रम जवाहर चौक स्थित जैन मंदिर परिसर में प्रातः 7:30 से 9:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें निर्यापक मुनि संभव सागर महाराज के सानिध्य में श्रद्धालु शामिल होंगे।
प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने कार्यक्रम के ब्रोशर का विमोचन किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है। दिल्ली में मुख्य अतिथि के रूप में गृह मंत्री अमित शाह उपस्थित रहेंगे। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक व व्यापारिक संगठनों सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।
