शिप्रा में डूबे युवक का 18 घंटे की तलाश के बाद मिला शव, टीम ने 2 घंटे का लिया था ब्रेक 

उज्जैन। गऊघाट शिप्रा नदी में डूबे युवक का शव 18 घंटे की तलाश के बाद सोमवार सुबह 11 बजे के लगभग बाहर निकाल लिया गया। रविवार शाम 5 बजे तलाशी अभियान शुरू किया गया था। लगातार सर्चिंग के बीच तलाशी अभियान टीम ने तडक़े 4 बजे से 6 बजे तक 2 घंटे का ब्रेक लिया था।

रविवार शाम नीलगंगा थाना क्षेत्र के गऊघाट स्थित शिप्रा नदी में शिकारी गली का रहने वाला फैजान पिता लियाकत नागौरी 23 वर्ष डूब गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। तलाश के लिए एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया। शाम 5.30 बजे अभियान की शुरुआत हुई। अंधेरा ढलने के बाद तलाशी अभियान में परेशानी आने पर लाइट की व्यवस्था की गई और घाट के आसपास हैलोजन लगाए गए। वहीं लेजर टॉर्च की रोशनी का उपयोग शुरू किया गया। तडक़े 4 बजे तक सर्चिंग की जाती रही। मौके पर जहां परिजन, रिश्तेदारों और समाज जनों की भीड़ जमा हो गई थी वहीं थाना प्रभारी विवेक कनोडिया अपनी टीम के साथ मौजूद थे। लंबी सर्चिंग के बाद फैजान का कुछ पता नहीं चल पाया था। जिसके चलते तलाशी अभियान में लगी टीम ने 2 घंटे का ब्रेक लिया और सुबह 6 बजे से फिर से तलाशी अभियान की शुरुआत कर दी। सुबह 11 बजे के लगभग फैजान का शव बाहर निकाल लिया गया। लाश देखकर परिजन बिलक उठे थे। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया और बॉडी पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाई गई। जहां सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे थे।

 

महिदपुर से पहुंचे समाजजनों ने की तलाश

फैजान के डूबने की खबर मिलती महिदपुर से भी दर्जनों की संख्या में समाजजन उज्जैन पहुंच गए थे जिसमें गोताखोर भी शामिल थे। उन्होंने भी तलाशी अभियान में गोते लगना शुरू कर दिए थे। समाज जनों का तलशी अभियान रात 3 बजे तक जारी रहा। उन्होंने इंदौर से टीम बुलाने की बात कही और ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ फैजान की तलाश के लिए अभियान चलाने के लिए कहा। गऊघाट पर देर रात तक सैकड़ों की संख्या में लोग जमा दिखाई दिए जो सुबह फिर से पहुंच गए थे। घाट के आसपास दो पहिया वाहनों का मेला लगा दिखाई दे रहा था।

 

एक माह पहले हुआ था निकाह

फैजान की डूबने की खबर मिलने पर शिप्रा नदी पहुंचे परिजनों ने बताया कि एक माह पहले ही निकाह हुआ था। घर में खुशियों का माहौल था। अचानक उसके डूबने की खबर सामने आने पर उज्जैन से लेकर महिदपुर तक रहने वाले रिश्तेदारों माहौल गमगीन हो गया है। विदित हो कि गऊघाट से क्षेत्र में गर्मी के दिनों में काफी लोग नहाने और तैराकी के लिये पहुंचते हैं। वैसे यहां पर तडक़े से ही लोगों का आनाजाना शुरू हो जाता है। लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने के चलते ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। अगर यहां पर भी किसी की तैनाती की जाये तो घटनाओं को रोका जा सकता है।

Next Post

दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान 25 जून से

Mon Jun 24 , 2024
भोपाल, 24 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल 25 जून को भोपाल में “दस्तक सह स्टॉप डायरिया” राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल भी उपस्थित रहेंगे। बाल्यकालीन बीमारियों की पहचान एवं त्वरित उपचार/रेफरल सुनिश्चित करने […]

You May Like