जबलपुर:कृषक कल्याण वर्ष 2026 के तहत 8 अप्रैल को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय कृषि मंथन कार्यशाला आयोजित होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कषाना, लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा करेंगे। मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का पूजन एवं लोकार्पण करेंगे, साथ ही 16.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अन्य भवनों का ऑनलाइन उद्घाटन भी करेंगे। इसके अतिरिक्त 10 स्टार्टअप को 108 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की जाएगी तथा कृषि सखियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों के लिए तकनीक, कौशल और बाजार संबंधी जानकारी का एकीकरण करना है। कार्यक्रम में 4 तकनीकी सत्र आयोजित होंगे और कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी एवं अभियांत्रिकी से जुड़ी उन्नत तकनीकों की प्रदर्शनी भी लगेगी। इसमें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ प्रगतिशील किसान, स्टार्टअप, शोधार्थी और उद्यमी भाग लेंगे।
