ग्वालियर: ग्वालियर में भारतीय जनता पार्टी के नए और आधुनिक जिला कार्यालय का भूमिपूजन आज सोमवार सुबह किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसके तहत मध्य प्रदेश के कुल 17 जिलों में नए कार्यालयों का भूमिपूजन और निर्माण कार्य शुरू किया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वर्चुअली शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। प्रात: ग्वालियर के अलापुर स्थित नीलकंठ तिराहा के पास इस नवीन कार्यालय का भूमिपूजन किया गया।कार्यालय की विशेषताएं: यह कार्यालय लगभग 8 से 12 हजार वर्गफीट में फैला होगा। इसमें आधुनिक सुविधाएं जैसे मीटिंग हॉल, कॉन्फ्रेंस हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, कंप्यूटर रूम और आगामी चुनावों के लिए एक ‘वॉर रूम’ भी बनाया जाएगा। कार्यालय में पदाधिकारियों के लिए अलग चेंबर और एक गेस्ट हाउस की व्यवस्था भी होगी।
