एफपीआई ने दो दिन में भारतीय पूंजी बाजार से निकाले 21,964 करोड़ रुपये

मुंबई, 05 अप्रैल (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने अप्रैल महीने में अब तक दो कारोबारी दिवस में भारतीय पूंजी बाजार से 21,964 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है। शुद्ध निकासी एफपीआई द्वारा बाजार में निवेश की गयी राशि और निकाली गयी राशि का अंतर है। केंद्रीय डिपॉजिटरी सेवा के आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने दो दिन में शुद्ध रूप से 19,837 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची। डेट में भी उन्होंने 2,296 करोड़ रुपये की बिकवाली की।

हाइब्रिड उपकरणों और म्यूचुअल फंड में उनका निवेश सकारात्मक रहा। उन्होंने हाइब्रिड उपकरणों में 1.12 करोड़ रुपये और म्यूचुअल फंड में शुद्ध रूप से 168 करोड़ रुपये लगाये इससे पहले, मार्च में एफपीआई ने भारतीय पूंजी बाजार से 1,26,991 करोड़ रुपये निकाले थे जो अब तक की सबसे बड़ी निकासी है। फरवरी में उनका निवेश 37,847 करोड़ रुपये सकारात्मक रहा था जबकि जनवरी में उन्होंने 29,071 करोड़ रुपये निकाले थे। इस प्रकार मौजूदा कैलेंडर वर्ष में एफपीआई भारतीय पूंजी बाजार से 1,40,179 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी कर चुके हैं।

Next Post

रेपो दरों में बदलाव की उम्मीद नहीं: एसबीआई रिसर्च

Sun Apr 5 , 2026
नयी दिल्ली, 05 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की सोमवार से शुरू हो रही तीन दिवसीय बैठक में रेपो दरों में बदलाव की उम्मीद नहीं है। भारतीय स्टेट बैंक की अनुसंधान इकाई एसबीआई रिसर्च की रविवार को जारी […]

You May Like