सिंगरौली: जिला महिला कांग्रेस कमेटी, सिंगरौली की अध्यक्ष कृष्णा सिंह परिहार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 4 अप्रैल 2026 दिनांकित त्यागपत्र में उन्होंने पत्र को राष्ट्रीय/प्रदेश नेतृत्व, भोपाल को संबोधित किया है। पत्र में उन्होंने स्पष्ट रूप से लिखा है कि महिला कांग्रेस संगठन में उन्हें भारी मन से यह निर्णय लेना पड़ रहा है।त्यागपत्र में उल्लेख किया गया है कि वे महिला अध्यक्ष के रूप में सक्रिय रूप से कार्य कर रही थीं, लेकिन उपेक्षा का सामना करना पड़ा। उन्होंने पत्र में यह भी लिखा है कि पिछले लगभग 20 वर्षों से पार्टी के प्रति पूर्ण समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य किया है।
पत्र में आगे कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों और व्यक्तिगत कारणों के चलते उनके लिए इस पद पर बने रहना संभव नहीं रह गया है। इसी वजह से उन्होंने जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
त्यागपत्र में उन्होंने पार्टी के सभी महिला साथियों का आभार भी व्यक्त किया है। पत्र के अंत में उन्होंने विशेष रूप से पार्टी के साथ अपने अनुभव को अच्छा बताया है और सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया है। सोशल मीडिया में कृष्ण सिंह परिहार का यह पत्र वायरल हो रहा है, अब कांग्रेस पार्टी की किरकिरी जमकर हो रही है । इसके पहले भी जिला कांग्रेस कमेटी पर कई आरोप लगा चुके हैं।
