
भोपाल। अनूपपुर जिले के कोतमा नगर पालिका क्षेत्र में एक होटल भवन के ढहने से दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
स्थानीय मंत्री, जिला प्रशासन, पुलिस और एसईसीएल की टीम मौके पर पहुंचकर लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई है। अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य के फंसे होने की आशंका के मद्देनज़र तलाशी अभियान जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम भी मौके के लिए रवाना कर दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार और संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत, बचाव और घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
