
उज्जैन। आगर रोड पर हुई हत्या का पुलिस ने रात को खुलासा कर दिया। एक आरोपी पुलिस की हिरासत में है दो की तलाश में दबिश दी जा रही है। लिफ्ट नहीं देने पर मृतक ने एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया था जिसके चलते उसकी चाकू घोंपकर आरोपियों ने हत्या कर दी थी।
चिमनगंज मंडी पुलिस को गुरुवार सुबह कुछ लोगों ने आकर रोड पर खून से सनी युवक की लाश पड़ी होने की सूचना दी थी। घटनास्थल पर जांच के दौरान मृतक युवक की पहचान भुरु उर्फ आरीफ पिता अब्दुल गफ्फार निवासी बेगमबाग कॉलोनी के रूप में होने के बाद पुलिस ने हत्या के आरोपियों की तलाश शुरू की थी। सीसीटीवी कैमरो से हत्या करने वालों का सुराग मिल गया था। जिनकी तलाश में पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। इसी बीच देवास रोड से एक आरोपी मोनू उर्फ दीपांशु पिता नारायण बुंदेल 22 वर्ष निवासी शिव शक्ति नगर को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपने दोस्त साथी लक्की पिता हेमू 22 साल, रेहान पिता रफीक मंसूरी 20 साल निवासी गांधी नगर के साथ मिलकर चाकू मारना स्वीकार कर लिया। मोनू ने पुलिस पूछताछ में बताया कि रात को वह अपने दोनों साथियों के आगर रोड से लौट रहा था, रास्ते में उन्हें शराब पीकर आ रहे युवक ने रोक कर लिफ्ट मांगी थी। पहले ही बाइक पर तीन लोग सवार थे लिफ्ट देने से मना किया तो शराब पिए युवक ने रेहान को थप्पड़ मार दिया था। जिसको लेकर विवाद हो गया था। शराबी युवक ने हाथापाई शुरू कर दी थी। जिसके चलते रेहान ने चाकू से हमला कर दिया, तीन से चार चाकू लगने पर युवक ने भागने का प्रयास किया और लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हमला करने के बाद सभी भाग निकले थे। उन्हें पता नहीं था कि घायल मर जाएगा। सुबह लाश मिलने की जानकारी सामने आई तो शहर छोड़ कर भागने की फिराक में घर से निकल गए थे।
फरार लकी और रेहान की तलाश की जा रही
टीआई गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि हिरासत में आरोपी से पूछताछ जारी है। फरार लकी और रेहान की गिरफ्तारी के प्रयास एक टीम द्वारा किए जा रहे हैं। जल्द दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मोनू से बाइक बरामद की गई है। चाकू और अन्य सामग्री दोनों आरोपियों के गिरफ्त में आने पर जब्त की जाएगी।
