
भोपाल। राजधानी भोपाल में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर पूरे शहर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न मंदिरों, कॉलोनियों और प्रमुख चौराहों पर भक्तों द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया।
सुबह से ही शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना और सुंदरकांड पाठ का आयोजन शुरू हो गया था। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने सेवा भाव से जगह-जगह भंडारे लगाए, जिनमें पूड़ी-सब्जी, खिचड़ी, हलवा और शरबत जैसी प्रसादी वितरित की गई। गर्मी को देखते हुए कई स्थानों पर ठंडे पेयजल और शर्बत की भी विशेष व्यवस्था की गई।
पुराने भोपाल, कोलार, एमपी नगर, अरेरा कॉलोनी और छोला क्षेत्र सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में दिनभर भंडारों का सिलसिला जारी रहा। राहगीरों, जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं ने इन भंडारों में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और आयोजकों के सेवा भाव की सराहना की।
