
भोपाल। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर राजधानी के तलैया स्थित काली जी के मंदिर से गुरुवार को भव्य शोभायात्रा एवं जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद किया गया।
यह भव्य जुलूस पुराने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः काली मंदिर परिसर पहुंचा। यात्रा के दौरान भगवान हनुमान की आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जिनमें बाल हनुमान, संजीवनी पर्वत लेकर उड़ते हनुमान और राम दरबार के दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालु पूरे रास्ते जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा में शामिल भक्तों द्वारा जगह-जगह भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया गया। कई स्थानों पर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के स्वागत के साथ ही शीतल पेय और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हनुमान जयंती पर यह शोभायात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।
