
उज्जैन। टेपा सम्मेलन तो प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है और यहां पर मंच से पत्रकार और सामाजिक सेवा में लगे व्यक्तियों का सम्मान भी किया जाता है। यह एक ऐसा मंच है जहां पर अनेक प्रसिद्ध अभिनेताओं को सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही शहर की भी अनेक हस्तियों का सम्मान मिल चुका है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राकेश बेदी हिंदी सिनेमा और टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता उज्जैन आए। जिन्हें खास तौर पर उनकी कॉमिक टाइमिंग और आसान, दिलचस्प अभिनय के लिए पहचाना जाता है। उन्होंने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं, जो आज भी लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आते हैं। फिल्म धुरंधर में भी राकेश बेदी नजर आए। इस फिल्म में उन्होंने एक अहम सहायक किरदार निभाया है। जो कहानी को आगे बढ़ाने में मदद करता है। उनका रोल हल्का-फुल्का हास्य भी लाता है। जिससे फिल्म के गंभीर माहौल में बैलेंस बना रहता है। इस फिल्म में उनके साथ रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और संजय दत्त जैसे बड़े कलाकार भी हैं। राकेश बेदी ने अपने अनुभव से इस मल्टीस्टारर फिल्म में भी अलग पहचान बनाई है। राकेश बेदी का जन्म 1 दिसंबर 1954 को नई दिल्ली में हुआ था। बचपन से ही उन्हें अभिनय में दिलचस्पी थी। उन्होंने अपनी एक्टिंग की पढ़ाई फिल्म एंड टेलीविजन इंट्ीट्यूट ऑफ इंडिया से की, जहां से कई बड़े कलाकार भी निकले हैं. यहां से ट्रेनिंग लेने के बाद उन्होंने थिएटर और फिल्मों में काम करना शुरू किया। राकेश बेदी ने 1970 के दशक के आखिर में फिल्मों में कदम रखा। उन्हें असली पहचान 1980 और 90 के दशक में मिली, जब उन्होंने कई कॉमेडी फिल्मों में शानदार काम किया। उनकी मशहूर फिल्मों में चश्मे बद्दूर, साथ-साथ, दिल है कि मानता नहीं और हीरो नंबर-1 जैसी फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों में उनके छोटे लेकिन असरदार रोल दर्शकों को खूब पसंद आए। उनकी खासियत यह रही कि वह साइड रोल में भी अपनी अलग छाप छोड़ देते थे।
टेलीविजन पर भी खूब नाम कमाया
फिल्मों के साथ-साथ राकेश बेदी ने टीवी पर भी खूब नाम कमाया. खासकर कॉमेडी शो श्रीमान श्रीमती में उनका किरदार काफी लोकप्रिय हुआ। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य टीवी सीरियल्स में भी काम किया और दर्शकों का मनोरंजन किया। राकेश बेदी की सबसे बड़ी ताकत उनकी कॉमिक टाइमिंग है। वह बहुत ही सहज तरीके से अभिनय करते हैं, जिससे उनके किरदार असली लगते हैं। उनकी डायलॉग डिलीवरी और चेहरे के हाव-भाव दर्शकों को हंसाने में माहिर हैं। राकेश बेदी अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन में शामिल होने के लिए उज्जैन आये थे।
