सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के के निर्देशानुसार जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग को रोकने के उद्देश्य से खाद एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा जिले के पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों के गोदामों, होटलों एवं अन्य प्रतिष्ठानों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है. भैरूंदा सहायक आपूर्ति अधिकारी प्रकाश यादव द्वारा भैरूंदा स्थित दुकान प्रभात ऑटो पार्टस का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान दुकान संचालक द्वारा अवैध रूप से गैस सिलेंडर से गैस रिफिलिंग करते हुए पाई गई. इस पर विभागीय दल द्वारा अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने पर दुकान से 12 गैस सिलेंडर जब्त किए गए. इसी प्रकार आष्टा में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुश्री मृगी अग्रवाल द्वारा 08 होटल एवं रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया गया और गुलाब रेस्टोरेंट, बालाजी रेस्टोरेंट एवं सांवरिया रेस्टोरेंट पर घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग पाए जाने पर 5 गैस सिलेंडर जब्त करने की कार्रवाई की गई.
