केंद्र सरकार एफसीआरए संशोधन विधेयक को जल्दबाजी में पारित कराने की कोशिश कर रही है : वेणुगोपाल

नयी दिल्ली, 31 मार्च (वार्ता) कांग्रेस महासचिव एवं सांसद के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह संसद में विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) संशोधन विधेयक को जल्दबाजी में पारित कराने की कोशिश कर रही है।

श्री वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यह कदम ऐसे समय उठाया जा रहा है जब कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल विधानसभा चुनावी व्यस्तताओं में लगे हुए हैं। उन्होंने इस प्रस्तावित कानून को “स्पष्ट रूप से असंवैधानिक” बताते हुए आरोप लगाया कि इससे गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओएस) और सामाजिक संस्थाओं, खासकर अल्पसंख्यक समुदायों द्वारा संचालित संगठनों पर गंभीर असर पड़ेगा। कांग्रेस इस “कठोर और दमनकारी” विधेयक के जरिए ईमानदार परोपकारी संस्थाओं पर दबाव बनाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को तत्काल दिल्ली पहुंचकर संसद की कार्यवाही में शामिल होने का निर्देश दिया है। साथ ही, पार्टी ने बुधवार सुबह 10:30 बजे संसद के बाहर इस विधेयक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस का कहना है कि वह किसी भी हालत में इस विधेयक को पारित नहीं होने देगी और इसके खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।

गौरतलब है कि विधेयक 25 मार्च को लोकसभा में पेश किया गया था। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को जोर देते हुए कहा कि एफसीआरए संशोधन विधेयक का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय सुरक्षा और हितों के खिलाफ विदेशी धन के उपयोग को रोकना है, न कि किसी धार्मिक संगठन को निशाना बनाना।

 

 

Next Post

MP-UP साझा विकास का नया अध्याय, ब्रांडिंग और निर्यात हमारी प्राथमिकता: सीएम डॉ यादव 

Tue Mar 31 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि काशी विश्वनाथ की पावन नगरी वाराणसी में सहयोग सम्मेलन का मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय है। यह आयोजन निर्यात सहयोग, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक पर्यटन की नई इबारत लिखेगा। यह सम्मेलन मुख्यतः एक जिला-एक उत्पाद, जीआई टैग […]

You May Like