सतना: सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत सर्किट हाउस के पास रीवा रोड में हत्या की नीयत से हमला करते हुए कट्टा से फायर करने के मामले में दो और अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं। कार्रवाही के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, 7 जनवरी को अतुल गौतम पिता कामता प्रसाद गौतम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई अनिकेत गौतम पर चट्टू निवासी खम्हिरया, विशाल निवासी खम्हरिया, सनिल बम्हनगवां, ऋषभ शुक्ला उर्फ छोटू ,हिमांशू, शिव, अनुज ने मिलकर जान से मारने की नीयत से मारपीट की है। इस दौरान सनिल ने कट्टे से फायर कर जान लेने की कोशिश की।
इसी प्रकरण में आरोपी अनुज उर्फ प्रशांत तिवारी, शिव अग्निहोत्री उर्फ आकाश, रिषभ शुक्ला, हिमांशू तिवारी को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में फरार आरोपी सनिल सिंह पिता नारेन्द्र सिंह (36) निवासी बम्हनगवां को उसके घर में दबिश देकर पकड़ा गया। सनिल के अलावा विस्सू उर्फ विशाल शुक्ला पिता विनोद शुक्ला (23) निवासी खम्हरिया हाल आदर्श नगर को भी गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाही में एएसआई सुमत मरावी, प्रधान आरक्षक चितेन्द्र पांडेय, सतेन्द्र सिंह, आशीष सिंह, तुलसीदास, आरक्षक मनीष सिंह, दुर्गेश चौहान की अहम भूमिका रही।
इस कार्रवाही के साथ आरोपी सनिल सिंह की गिरफ्तारी एक और प्रकरण में की गई है। पता चला है कि फरारी के दौरान 9 मार्च को आरोपी सनिल ने उमा प्रताप सिंह निवासी मुख्तयारगंज के बेटे अमित सिंह उर्फ अब्बू पर प्राणघतक हमला किया था। इस प्रकरण में विपिन गुप्ता उर्फ मोदी पिता गणेश प्रसाद गुप्ता निवासी उतैली, रिषभ द्विवेदी पिता विश्वनाथ द्विवेदी निवासी नंदहा, गौरव उर्फ कान्हा मिश्रा पिता केदार प्रसाद मिश्रा निवासी चौरा चंदपुरवा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि आरोपी सनिल सिंह के मिलने पर अब उसकी गिरफ्तारी कर कार्रवाही की गई।
