इंदौर:कल दशहरा मैदान पर नर्मदा चौथे चरण के भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा का आंतरिक असंतोष बाहर निकल कर आ गया. मंच पर पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता को जगह नहीं देने के मामले ने तूल पकड़ लिया. इसके बाद नाराज सत्तन गुरु ने भाजपा नेताओं की मीडिया के सामने बखिया उधेड़ दी. दोपहर बाद महापौर ने माफीनामे के मैसेज चलवाए. नगर अध्यक्ष गुरु के घर दस्तक दी.
मामला कुछ यूं है कि कल दशहरे मैदान पर नर्मदा चौथे चरण का भूमिपूजन कार्यक्रम नगर निगम ने रखा था. उक्त कार्यक्रम में पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन को किसी ने जानकारी दी कि आपके लिए मंच पर स्थान नहीं है. इतना सुनते ही सत्तन कार्यक्रम स्थल से चले गए और कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया. आज सत्तन ने नगर भाजपा और महापौर की मीडिया के सामने आलोचना व्यक्त कर दी. गुरु में कहा कि कुछ लोग भाजपा में माई बाप बन गए है.
मेरी पार्टी में प्रासंगिकता नहीं बची है. कार्यक्रम करने वाले यह नहीं भूलें कि नर्मदा के प्रथम चरण का मैं हिस्सेदार था. उक्त बयानबाजी के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सत्तन गुरु से माफी मांगी और कहा कि मैंने उनका स्थान रखा था, लेकिन नाम लगाने में भूल हुई है. मैं क्षमाप्रार्थी हूं.
नगर अध्यक्ष पहुंचे उनके घर मीडिया में खबर चलने के बाद आज नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और रानू अग्रवाल, सत्तन गुरु के घर मनाने पहुंचे और कहा कि आगे से वरिष्ठ नेताओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा.
