
सीधी। जवाहर कांग्रेस भवन में जिला समन्वय समिति और जिला कांग्रेस कार्यसमिति की मासिक बैठक पूर्व नेता प्रतिपक्ष व चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल के मुख्य आतिथ्य जिला संगठन प्रभारी दिलीप मिश्रा और जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में समन्वय समिति के सदस्य आनंद सिंह, चिंतामणि तिवारी, रुद्रप्रताप सिंह, ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री, दान बहादुर सिंह, अरविंद सिंह रोशन, श्यामवती सिंह, मनोज कोल, चंद्रवती साकेत, प्रफुल्ल पाण्डेय और नागेश्वर साकेत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि अजय सिंह राहुल ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ताओं में होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया साथ ही बूथ स्तर तक कांग्रेस के संगठन को समन्वय के साथ काम करने के लिए भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए
जिला संगठन प्रभारी दिलीप मिश्रा ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए समन्वय और अनुशासन बेहद आवश्यक है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि जिले में संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।
बैठक में जिला पदाधिकारी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षगण सहयोगी संगठनों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षगण सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
