इंदौर:खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम खेमाना में एक किसान ने घर में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी कन्हई सिंह शक्तावत ने बताया कि 38 वर्षीय मृतक भागवत सिंह पिता रूपसिंह, निवासी ग्राम खेमाना, पेशे से किसान थे. शनिवार को उनके घर में कथा और भंडारे का आयोजन चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे.
इसी दौरान भागवत सिंह घर के एक हिस्से में चले गए और फंदे पर झूल गए. काफी देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश की तो कमरे में उनका शव फंदे पर लटका मिला. परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद घर में खुशी का माहौल मातम में बदल गया. आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, मामले की जांच की जा रही है.
