ऑटोटेक एशिया 17 अप्रैल से भारत मंडपम में

नयी दिल्ली, 27 मार्च (वार्ता) ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, बैटरी टेक्नोलॉजी और विनिर्माण प्रणाली पर केंद्रित बिजनेस-टू-बिजनेस प्रदर्शनी ऑटोटेक एशिया 2026 का आयोजन राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में 17-19 अप्रैल को किया जायेगा। ऑटोटेक एशिया की आयोजक ऑटो टेक ग्लोबल मीडिया के संस्थापक एवं निदेशक आशीष जैन ने यहां शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस सम्मेलन में 250 से अधिक प्रदर्शकों और व्यापार जगत के 25 हजार से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है। इनमें वाहन निर्माता, बैटरी कंपनियां, कलपुर्जों के आपूर्तिकर्ता, निवेशक और नीति निर्माता भी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य एक ऐसा मंच तैयार करना है जो स्थापित और उभरते दोनों क्षेत्रों के बीच सहयोग को बढ़ावा दे और उद्योग में सार्थक संवाद संभव हो सके। उन्होंने कहा कि कंपनियों से ऐसे प्रतिनिधियों को बुलाने की कोशिश है जिनके पास अपनी कंपनी के लिए निर्णय लेने का अधिकार हो। इस सम्मेलन में ही ईवी टेक और बैटरी टेक के दूसरे संस्करणों का भी समावेश होगा। श्री जैन ने कहा कि ऑटोटेक एशिया में विशेष रूप से स्टार्टअप पैवेलियन, इंटरनेशनल पैवेलियन, फाइनेंस पैवेलियन, ऑटो कंपोनेंट पैवेलियन और हरित ऊर्जा पैवेलियन भी होंगे। अंतर्राष्ट्रीय पैवेलियन में इटली और चीन भी इस साल शामिल हो रहे हैं।

परियोजना निदेशक मुकेश यादव ने कहा कि आज उद्योग तेजी से बदल रहा है लेकिन अलग-अलग हिस्सों के बीच तालमेल अब भी बिखरा हुआ है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य उन सभी कंपनियों को एक मंच पर लाना है। एक प्रश्न के उत्तर में श्री जैन ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण दुनिया में जिस तरह की स्थिति पैदा हुई है उसे देखते हुए हरित ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलना तय है। ऐसे में ईवी की मांग तेजी से बढ़ेगी।

Next Post

शेयर बाजारों में फिर गिरावट, सेंसेक्स 1,690 अंक लुढ़का

Fri Mar 27 , 2026
मुंबई, 27 मार्च (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में दो दिन की तेजी के बाद शुक्रवार को फिर गिरावट देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 1,690.23 अंक (2.25 प्रतिशत) टूटकर 73,583.22 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 486.85 अंक यानी 2.09 प्रतिशत नीचे 22,819.60 अंक पर […]

You May Like