सोहागपुर। कहार मांझी समाज के आराध्यदेव निषादराज की जयंती नगर में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। निषाद राज जयंती के अवसर पर कहार मांझी समाज संगठन के बैनर तले शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा नगर के अंबेडकर वार्ड स्थित कहार मांझी समाज भवन से प्रारंभ होकर काली मंदिर के सामने से गुजरते हुए बिहारी चौक पहुंची। यहां से मुख्य बाजार क्षेत्र होते हुए वापस अपने आरंभ स्थल पर संपन्न हुई। शोभायात्रा में पुरुष वर्ग के साथ-साथ मातृशक्ति एवं युवक युवती भी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। शोभा यात्रा का प्रमुख आकर्षण निषाद राज की झांकी रही। एक ट्रैक्टर ट्राली पर बच्चों को निषाद राज के स्वरूप में सजाया गया था। इस अवसर पर समाज के लोगों ने निषादराज जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ जनों ने भगवान श्री राम के परम सखा निषादराज के जीवन और आदर्शों को याद करते हुए समाज में एकता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। इस अवसर पर मिष्ठान वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों में तुलसीराम कहार , गोपाल कहार , मुकेश कहार , नितिन कहार , ललित कहार , मोहन कहार , भास्कर मांझी , चंद्रकमल कहार , कमलेश कहार , राजेश , हरि सिंह केवट , अरविंद , रिंकू कहार सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु मौजूद रहे।
