ब्यावरा: स्थानीय कृषि उपज मंडी में स्थित शेड की चद्दरे क्षतिग्रस्त होकर नीचे की और लटक रही है, फर्श से सरिए निकल रहे है. इन हालातों के चलते नीलामी के दौरान एवं मंडी में आने-जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.गौरतलब है कि कृषि उपज मंडी में 8 से 10 शेड है जहां पर फसल की नीलामी की जाती है, किंतु अधिकांश शेड काफी जर्जर अवस्था में है, शेड से लोहे की चद्दरे टूटकर लटक रही है तो फर्श उखडऩे से सरिए बाहर निकल आये है. नीलामी के समय काफी परेशानी के साथ दुर्घटना का डर बना रहता है.
वाहनों के पहिए से उड़ती धूल
ब्यावरा स्थित कृषि मंडी में फर्श बुरी तरह उखडऩे से वाहनों के पहिए से उड़ती धूल के गुब्बार देखे जा सकते है, धूल के कारण मंडी में आने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. काफी समय से इस तरह की परेशानी बनी हुई है.
टीनशेड, कवर्डशेड की मरम्मत होगी
मंडी प्रबंधन के अनुसार ब्यावरा स्थित कृषि मंडी में सीसीकरण के लिए टेंडर होने की बात कही गई है. परिसर में मौजूद टीनशेड एवं कवर्ड शेड की मरम्मत की जाकर इनकी हाईट बढ़ाई जाएगी ताकि नीलामी कार्य में सुविधा हो सके. साथ ही अन्य कार्य भी किए जाएंगे. करीब 80 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्यो को मंडी कमेटी द्वारा मंजूरी देना बताया गया है. आगामी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इन कार्यो के लिए भी टेंडर जारी कर दिए जाएंगे. करीब डेढ़ करोड़ की लागत से मंडी परिसर में सीसीकरण किया जाना है, इसके टेंडर भी होने की जानकारी है.
