ऑकलैंड, 20 मार्च (वार्ता) न्यूज़ीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन आईपीएल 2026 के शुरुआती चरणों में पंजाब किंग्स के लिए नहीं खेल पाएंगे। फर्ग्यूसन, जो हाल ही में पिता बने हैं, टूर्नामेंट के दूसरे हाफ़ में पंजाब किंग्स से जुड़ने और सर्दियों के दौरों के लिए ‘ब्लैक कैप्स’ (न्यूज़ीलैंड टीम) के साथ खेलने से पहले अपने परिवार के साथ समय बिताने को प्राथमिकता देंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 से पहले ऑकलैंड में फर्ग्यूसन ने कहा, “अभी-अभी मेरा एक छोटा बेटा हुआ है, मैं घर पर जितना हो सके उतना समय बिताने और अपनी पत्नी की मदद करने की कोशिश कर रहा हूँ।इसके बाद मुझे कुछ हफ़्तों का आराम मिलेगा, जिसके बाद मैं आईपीएल के बाद के चरणों में खेलने और सर्दियों के दौरों के लिए बाहर जाऊँगा।”
“ब्लैक कैप्स के लिए खेलना हमेशा खुशी की बात होती है; मुझे भारत में टीम के साथ बिताया गया समय बहुत पसंद आया, हालाँकि यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि सीजन की शुरुआत में मुझे चोटों का सामना करना पड़ा। मैं सच में अपने देश में क्रिकेट खेलना चाहता था और अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का मौका मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।” भारत और श्रीलंका में हुए 2026 टी20 विश्व कप के दौरान फर्ग्यूसन ने कुछ दिनों की ‘पैटर्निटी लीव’ (पिता बनने पर मिलने वाली छुट्टी) ली थी, लेकिन ‘सुपर-8’ चरण के लिए न्यूज़ीलैंड टीम में दोबारा शामिल होने से पहले वह अपने परिवार के साथ सिर्फ़ चार दिन ही बिता पाए थे। अहमदाबाद में भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के फ़ाइनल के नौ दिन बाद, फर्ग्यूसन हैमिल्टन पहुँचे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज बराबर करने वाली न्यूज़ीलैंड की जीत में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। अपने घरेलू मैदान ‘ईडन पार्क’ में तीसरे टी20 मैच के बाद, फर्ग्यूसन एक लंबे ब्रेक पर चले जाएँगे।

