आलीराजपुर: कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के मार्गदर्शन में शिक्षकों द्वारा शाला त्यागी बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें पुनः विद्यालयों में प्रवेश दिलाया गया। यह वह बच्चे है जिनके माता पिता मजदूरी और काम के सिलसिले में दूसरे शहरों और राज्यों में पलायन कर गए। उन बच्चों को चिह्नित कर उनका विद्यालयों में प्रवेश कराया गया और कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर द्वारा बच्चों का सम्मान कर बच्चों को शिक्षण सामग्री भी भेंट की गई।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने कहा कि एक बच्चे के शिक्षित होने से पूरा परिवार रोशन होता है। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए शिक्षकों, एसडीएम एवं तहसीलदार की प्रशंसा की।
साथ ही बच्चों के अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई को निरंतर जारी रखें, ताकि वे जीवन में आगे बढ़कर अपने सपनों को साकार कर सकें।इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री निधि मिश्रा, तहसीलदार श्री जितेंद्र तोमर सहित विद्यालय के शिक्षक और बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।
