
सीधी। पुलिस कर्मियों की कठिन ड्यूटी और व्यस्त दिनचर्या के बीच उनके तथा उनके परिजनों के उत्तम स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन सीधी में एक भव्य वृहद स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव के सतत मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
इस पूरे स्वास्थ्य शिविर के आयोजन, समन्वय और सफल क्रियान्वयन का पूर्ण जिम्मा रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे का रहा। उनके नेतृत्व में पुलिस लाइन में सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे पुलिस परिवार के सदस्यों को सुव्यवस्थित तरीके से परामर्श प्राप्त हुआ। शिविर की सफलता में उनके द्वारा किए गए सूक्ष्म प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के साथ निरंतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विशेषज्ञों की टीम ने दीं सेवाएं-
जिला चिकित्सालय सीधी से आए ख्यातिलब्ध विशेषज्ञों की टीम ने शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में मुख्य रूप से शामिल विशेषज्ञ एवं सहयोगी स्टाफ में
स्त्री रोग डॉ. अंकिता अवाधिया द्वारा महिला स्वास्थ्य परीक्षण। हड्डी रोग डॉ. अरविन्द सोनी (डी- अर्थो) द्वारा अस्थि परामर्श। ईएनटी डॉ. हिमेश पाठक द्वारा नाक, कान व गला परीक्षण। मेडिसिन डॉ. अमित सिंह (पीजीएमओ ) द्वारा सामान्य बीमारियों की जांच। दंत चिकित्सा डॉ. माधुरी उइके द्वारा मुख स्वास्थ्य परामर्श।जांच एवं तकनीकी सहयोग में लैब टेक्नीशियन सन्तोष तिवारी (एचआईव्ही/एलीशा टेस्ट) एवं अनुराग पयासी (हीमोग्लोबिन/ब्लड टेस्ट), मेल नर्सिंग ऑफिसर सौरभ सोनी (ईसीजी /बीपी /शुगर जांच), नेत्र सहायक मोहम्मद समशेर अंसारी (आई टेस्ट), फार्मासिस्ट कुलदीप तिवारी दवा वितरण, वाहन चालक रावेन्द्र प्रसाद पाण्डेय एवं वार्ड बॉय विशाल सिंह।
150 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ, हुआ दवा वितरण-
शिविर के दौरान लगभग 150 की संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजनों ने अपना पंजीयन कराकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। परीक्षण के पश्चात मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। गंभीर रोगों के संदेह वाले मरीजों को उचित पैथोलॉजी जांच एवं अग्रिम उपचार की सलाह दी गई।
पुलिस अधीक्षक का प्रभावी संदेश-
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने पुलिस परिवार को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग का प्रत्येक सदस्य हमारे परिवार का हिस्सा है। एक पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे जनता की सुरक्षा में तैनात रहता है, जिसके कारण वह स्वयं और अपने परिवार के स्वास्थ्य की अनदेखी कर देता है। हमारी प्राथमिकता है कि हमारे जवान और उनके परिजन शारीरिक व मानसिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ रहें, क्योंकि एक स्वस्थ शरीर ही बेहतर राष्ट्र सेवा का आधार है। रक्षित निरीक्षक और उनकी टीम द्वारा इस पुनीत कार्य का जिम्मा उठाना सराहनीय है। ऐसे शिविर भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
