तेहरान/तेल अवीव, 17 मार्च (वार्ता) इजरायल ने तेहरान, शिराज और तब्रीज़ में सिलसिलेवार हमले किए तथा मिसाइल उत्पादन स्थलों एवं कमान केंद्रों को निशाना बनाया। इजरायली अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस बीच ऐसी खबरें भी हैं कि ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी भी हमले की चपेट में आए लोगों में शामिल है। इजरायल रक्षा बल(आईडीएफ) ने कहा कि वे हमलों के प्रभाव का आकलन करने के लिए नुकसान का जायजा ले रहे हैं। आईडीएफ के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एयाल ज़मीर ने मंगलवार को कहा कि सेना ने “कल रात ईरान में महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं,” हालांकि उन्होंने हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं की।
इजरायली मीडिया और अधिकारियों ने संकेत दिया कि ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख लारीजानी को निशाना बनाया गया हो सकता है। इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने दावा किया कि हमलों में लारीजानी घायल हो सकते हैं, लेकिन इसकी कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि लारीजानी जल्द ही एक संदेश जारी करेंगे। तेहरान ने कथित हमलों पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
लारीजानी ईरान के नेतृत्व में एक वरिष्ठ व्यक्ति और पूर्व संसद अध्यक्ष हैं, जिन्हें घरेलू और विदेश नीति दोनों में प्रभावशाली माना जाता है।

