नयी दिल्ली, 08 दिसंबर (वार्ता) इंडिगो संकट के कारण पिछले एक हफ़्ते में देश के प्रमुख शहरों में होटल उद्योग को सबसे ज़्यादा नुकसान हुआ है और मौजूदा अनिश्चितताओं के कारण लोगों में हवाई यात्रा को लेकर भरोसा कम हुआ है। होटल कारोबार से जुड़े लोगों ने इस तरह के विचार व्यक्त किये हैं।
नाइल हॉस्पिटैलिटी ग्रुप के क्लस्टर महाप्रबंधक मनुज बहल ने कहा, “पिछले एक हफ़्ते में कारोबार को बहुत बड़ा झटका लगा है। होटलों की बुकिंग में 20 प्रतिशत से ज़्यादा की गिरावट आयी है। लोग होटल इसलिये बुक नहीं कर रहे हैं क्योंकि हवाई यात्रा को लेकर उनका भरोसा कम हुआ है।” गौरतलब है कि नाइल हॉस्पिटैलिटी ग्रुप उत्तर भारत में शादी समारोह के लिए एक लोकप्रिय स्थल उदयपुर में हॉवर्ड जॉनसन और रमाडा एनकोर होटल चलाता है।
राष्ट्रीय राजधानी के होटलों का हाल भी अलग नहीं है। होटलों में सिर्फ निजी बुकिंग ही रद्द नहीं हो रही, बल्कि कारोबारी समारोह और सम्मेलन रद्द हो गए हो गये हैं, क्योंकि इनमें शामिल होने वाले लोग यात्रा नहीं कर पा रहे हैं। लुटियंस दिल्ली में स्थित ली मेरिडियन की उपाध्यक्ष एवं महाबंधक मीना भाटिया ने कहा, “हालात को संभालना थोड़ा मुश्किल हो गया है, क्योंकि यह देश में सबसे ज्यादा यात्रा करने वाले समय में हुआ है। ” वहीं, नयी दिल्ली के द सूर्या होटल के उपाध्यक्ष संचालन गिरीश बिंद्रा ने कहा, “हमें दिक्कतें हुईं क्योंकि जिन मेहमानों को चेक आउट करके जाना था, वे जा नहीं पाए और जिन्होंने कमरे बुक किए थे, वे यात्रा नहीं कर पाए।” उन्होंने कहा कि जैसे ही हवाई टिकटों के दाम बहुत ज़्यादा बढ़ गए, जिन मेहमानों को चेक आउट करना था, उन्होंने कुछ और दिनों तक वहीं रुकने का फैसला किया।”
उन्होंने कहा, “हम एयरलाइनों की तरह ही होटल किराये बढ़ा सकते थे, लेकिन हमने ऐसा नहीं किया।” नयी दिल्ली के ओखला स्थित क्राउन प्लाजा टुडे होटल के महाप्रबंधक रितेश शर्मा ने कहा, “वित्तीय असर से ज़्यादा, इंडिगो मुद्दे का हमारे व्यवसाय पूर्वानुमान और परिचालन समय-सारिणी पर बुरा असर पड़ा है, क्योंकि बुकिंग और समारोह आखिरी समय पर रद्द हो गए।” उन्होंने बताया, “कमरों और समारोहों के आखिरी समय पर रद्द होने के मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है।” हालांकि इसका असर दिल्ली के सभी होटलों पर पड़ा, लेकिन इसका असर हर होटल के कारोबार के हिसाब से अलग-अलग पड़ा। नयी दिल्ली के द्वारका स्थित रेडिसन ब्लू होटल के महाप्रबंधक राकेश सेठी ने कहा, ” बैठकें, प्रोत्साहन, सम्मेलन और प्रदर्शनियाँ (एमआईसीई) केंद्रित होटल होने के नाते, हम पर कुछ कमरों के रद्द के मामलों का हल्का असर पड़ा।” उन्होंने बताया कि होटल ने उन मेहमानों के लिए रद्द होने जुड़े सभी चार्ज माफ कर दिए हैं, जिन्होंने फ्लाइट में रुकावटों के कारण अपनी बुकिंग रद्द की थी।

