
जबलपुर। मंगलवार सुबह गोरखपुर थाना अंतर्गत नगर निगम जोन कार्यालय रामपुर के सामने एक अनियंत्रित सफेद रंग की बोलेरो ने मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, कार चालक मदद का नाटक करने के बाद फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि रोहित लोधी निवासी इंद्रानगर स्वयं आदिशंकर अस्पताल में कार्यरत हैं, वह अपनी माँ कौशल्या लोधी के साथ सुबह करीब 7:30 बजे टहलने निकले थे। इसी दौरान एमपीईबी की तरफ से आ रही बोलेरो एमपी 51 टी 0960 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी माँ को टक्कर मार दी। आरोपी चालक सौरभ ठाकुर पहले तो घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुँचा और मदद का नाटक किया। उसने अपना आधार कार्ड रोहित को व्हाट्सएप पर भेजा, लेकिन जैसे ही मौका मिला, उसने मैसेज डिलीट कर दिया और वाहन मालिक गोपाल सिंह के साथ बोलेरो लेकर मौके से रफूचक्कर हो गया। इलाज का आश्वासन देने के बावजूद आरोपी बिना कोई मदद किए फरार हो गए। हादसे में महिला की कमर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। गोरखपुर थाना पुलिस ने रोहित लोधी की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
